आईए जाने अपेंडिक्स क्या है और अपेंडिक्स में सूजन के लक्षण क्या है।
अपैन्डिक्स छोटी व बड़ी आंत (small & large intestine) के जोड़ पर मौजूद शहतूत ( एक प्रकार का फल) के आकार का अंग होता है इसका संक्रमण और सूजन पेट दर्द पैदा करने वाला एक आम कारण है।
लक्षण :-
2 वर्ष से कम आयु के बच्चों में यह रोग बहुत कम होता है, मगर इसके बाद 25 वर्ष तक की आयु के किसी भी स्त्री या पुरुष को यह हो सकता है। इसमें सर्वप्रथम नाभि के आसपास दर्द महसूस होता है। यह दर्द अक्सर रात्रि के अंतिम प्रहर में शुरू होता है, दर्द मद्धम मात्रा में मगर स्थायी रूप में होता रहता है। दर्द के बीच मरोड़ उठती है, यह भीतरी अवरोध को दूर करने के प्रयास से उठती है।
लगभग चार घंटे बाद दर्द पेट के दाएं निचले भाग में स्थिर हो जाता है, दर्द का स्थान भिन्न भी हो सकता है और यह इस अंग के बड़ी आंत के साथ उत्पन्न हुई स्थिति पर निर्भर करता है। मगर दर्द पेट के दाएं निचले हिस्से में ही सबसे अधिक रहेगा। भूख न लगना, जी मचलाना, मतली भी दर्द के साथ महसूस होती है, कई मरीजों को एक-दो बार उल्टी भी हो जाती है। अधिकतर लोगों को कब्ज हो जाती है। खांसी आने पर दर्द बढ़ जाना रोग का एक प्रमुख लक्षण है। पेशाब में जलन, बार-बार मूत्र त्याग की इच्छा, हल्का बुखार, मुंह से दुर्गध आना व जीभ पर सफेद आवरण का आ जाना जैसे लक्षण भी मौजूद हो सकते हैं।
जांच करने पर पेट के दाएं निचले भाग को दबाने पर दर्द महसूस होता है, मरीज पैरों को कमर से मोड़े रखता है क्योंकि उन्हें सीधे करने पर दर्द बढ़ जाता है। छोटे बच्चों में कब्ज के बजाय दस्त ज्यादा होती है, दर्द पूरे पेट में होता है व उल्टी भी कई बार होती है। जिन बच्चों में ये लक्षण हों, उनमें इस रोग के होने की संभावना पर विचार करना चाहिए।
उपचार :-
इलाज केवल शल्य क्रिया (surgery) है। जिन रोगियों को इस बीमारी में दवा से फायदा भी हो गया हो उन्हें इसके कुछ समय पश्चात दोबारा होने की सर्वाधिक सम्भावना रहती है।
0 Comments
If you have any doubt then you can comment us